Bihar Train News: बिहार के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. पटना से पूर्णिया के बीच सफर करने के लिए उन्हें नया ऑप्शन मिलने वाला है. पाटलिपुत्र से पूर्णिया के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन 17 अगस्त से होगा और यह ट्रेन सहरसा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक चलेगी. 16 सितंबर यानी पूरे एक महीने तक ट्रेन चलाई जाएगी.
हफ्ते में 5 दिन चलेगी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, पाटलिपुत्र के पूर्णिया कोर्ट के बीच ट्रेन का परिचालन हफ्ते के 5 दिन किया जाएगा. यह ट्रेन सिर्फ बुधवार और शनिवार को नहीं चलेगी. इस तरह से एक महीने तक इस ट्रेन के परिचालन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. इस ट्रेन के चलने से कोसी-सीमांचल इलाके के लोगों को फायदा मिल सकेगा.
क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग?
जानकारी के मुताबिक, काफी दिनों से इसकी मांग भी की जा रही थी. रेलवे की तरफ से जारी अधिसूचना की माने तो, पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन (गाड़ी नंबर- 03216) सिर्फ दो दिनों को छोड़ बाकी के सभी दिन पाटलिपुत्र से 11 बजे रात में खुलेगी. इसके बाद अलग-अलग स्टेशनों से होते हुए सुबह 5.55 बजे सहरसा और साढ़े 8 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंच जाएगी.
वापसी में पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन (गाड़ी नंबर- 03215) गुरुवार और रविवार को छोड़कर बाकी के सभी दिन सुबह 9.10 बजे खुलेगी. इसके बाद 11 बजे सहरसा और शाम-शाम तक करीब 5.45 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंच जाएगी. इस तरह से पाटलिपुत्र से सहरसा का सफर करीब 6 घंटे 55 मिनट, जबकि पूर्णिया कोर्ट तक लगभग 9 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा.
स्पेशल ट्रेन का रूट
ट्रेन के रूट की बात करें तो, सोनपुर से लेकर हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा होते हुए चलेगी. यह ट्रेन सिर्फ एक स्पेशल सेवा नहीं, बल्कि कोसी और सीमांचल के यात्रियों के लिए पटना से रात की यात्रा का नया विकल्प बनकर सामने आई है.
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
इस ट्रेन में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया जा रहा है कि 20 कोच वाली ट्रेन में 10 स्लीपर, 3 थर्ड एसी, 1 सेकंड एसी, 4 अनारक्षित और 2 SLRD कोच होंगे. लेकिन यह आधुनिक LHB नहीं, बल्कि ICF कोच वाली ट्रेन होगी. इसका मेंटेनेंस दानापुर कोचिंग डिपो में किया जाएगा.
Also Read: बिहार में अब नये पैटर्न से होगी शिक्षकों की बहाली, आखिर क्यों PT और Mains दोनों की पड़ी जरूरत?
