Today Weather : बिहार में बुधवार की शाम मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने बेगूसराय, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, समस्तीपुर, सारण, सिवान और वैशाली के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटे के दौरान मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जतायी गयी है. मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
पटना समेत इन जिलों में बारिश की संभावाना
मौसम विभाग के तत्कालिक अलर्ट के अनुसार पटना जिले के 16 प्रखंड, वैशाली के सभी 16 प्रखंड और सारण के सभी 20 प्रखंड प्रभावित क्षेत्र में शामिल हैं. समस्तीपुर के 15, बेगूसराय के 17 और नालंदा के चार प्रखंडों में भी मौसम खराब होने की संभावना जतायी गयी है. भोजपुर, मुजफ्फरपुर और सिवान के कुछ प्रखंड भी चेतावनी वाले क्षेत्र में हैं.
वज्रपात के दौरान सावधानी जरूरी
तेज हवा, बारिश और वज्रपात को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गयी है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है. बिहार में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान भी है.
Also Read : VIDEO: ‘छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’, प्रशांत किशोर बोले- TRE समेत जायज मांगें माननी होंगी
