Nepal Flood : नेपाल में बाढ़ की त्रासदी के बीच शुक्रवार को नेपाल-चीन सीमा के पास बनी विशाल बैरियर झील टूटने की सूचना से एक बार फिर निचले इलाकों में चिंता बढ़ गयी है. दोपहर करीब 12:30 बजे झील टूटने की जानकारी नेपाल प्रशासन को मिली. इसके कुछ ही घंटों बाद भोटेकोशी नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गयी.
चीन की ओर से नेपाल प्रशासन को दी गयी जानकारी
बताया गया कि नेपाल-चीन सीमा पर चीन की ओर छोचेन नदी और पुरेपू त्सांगपो नदी के संगम के पास बनी विशाल बैरियर झील टूट गयी है. चीनी पक्ष की ओर से झील टूटने की जानकारी नेपाल प्रशासन को दी गयी. इसके बाद संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए नदी तटीय और सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गयी.
भोटेकोशी का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
झील टूटने के बाद भोटेकोशी नदी में पानी का स्तर बढ़ा है. हालांकि, प्रशासन के अनुसार स्थिति बुधवार को सामने आये हालात जैसी गंभीर नहीं है. निचले इलाकों में पानी के बहाव और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है.
डीएम ने कहा- सतर्क रहने की जरूरत
रसुवा के जिलाधिकारी नरेंद्र परियार ने कहा कि बैरियर झील टूटने के बाद जलस्तर में वृद्धि हुई है. उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. निचले इलाकों में संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा एवं निगरानी बढ़ायी गयी है.
पहले की तबाही के बाद राहत-बचाव जारी
नेपाल में हालिया बाढ़ से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है. प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है. प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके.
