Nawada News : नवादा-किऊल रेलखंड पर वारिसलीगंज और नवादा के बीच शुक्रवार की सुबह रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और वारिसलीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.
मृतक की पहचान मैय गांव निवासी पप्पू सिंह के रूप में हुई
मृतक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मैय गांव निवासी पप्पू सिंह (46) के रूप में की गयी है. वह स्व. प्रदीप सिंह के पुत्र थे. घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल की टीम घटनास्थल पर पहुंची. वहीं, वारिसलीगंज थाना की पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
बंद फाटक के नीचे से रेलवे लाइन पार करने के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन ने ट्रेनों के परिचालन को देखते हुए फाटक बंद कर दिया था. इसी दौरान पप्पू सिंह पश्चिम दिशा स्थित मिल्की गांव की ओर से दौड़ते हुए वहां पहुंचे. बताया जाता है कि अप लाइन से गुजर रही ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में उन्होंने बंद फाटक के नीचे से निकलकर रेलवे लाइन पार करने का प्रयास किया. इसी बीच डाउन लाइन से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गये. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.
हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गये. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया. घटना के बाद मृतक के परिजनों और रेलवे कर्मियों के बीच झड़प होने की भी सूचना है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
Also Read : गोविंदपुर चौक और दरमनियां बाजार की सड़क बदहाल, हाइस्कूल के छात्र-छात्राओं को होती परेशानी
रेल परिचालन पर नहीं पड़ा असर
हादसे के कारण नवादा-किऊल रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.
Also Read : नवादा में कजरी महोत्सव का आयोजन, लोक परंपरा को बचाने का लिया संकल्प
