लिट्टी दुकान पर सब्जी को लेकर हिंसक झड़प

दुकानदार का सिर फटा और चार ग्राहक गर्म तेल से झुलसे, पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर

दुकानदार का सिर फटा और चार ग्राहक गर्म तेल से झुलसे

पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर

पुलिस ने कहा- आवेदन मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाईफोटो :-कैप्शन- घायल दुकानदार से बातचीत करते थानाध्यक्ष

– अस्पताल परिसर में लगी लोगों की भीड़

प्रतिनिधि रजौली

थाना क्षेत्र के बीच बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी के सामने एक लिट्टी की दुकान में मंगलवार की सुबह सब्जी को लेकर दुकानदार और ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. इस हिंसक झड़प में दुकानदार और चार ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गयी. घायलों को परिजनों की मदद से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती किया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ गजेन्द्र कुमार ने बताया कि घायल दुकानदार महसई मोहल्ला निवासी छोटेलाल साव के पुत्र रोहित कुमार हैं. दुकानदार के सिर में नौ टांके लगे हैं और उनका शरीर भी गर्म तेल से झुलसा हुआ है. वहीं, दूसरी ओर उपरटंडा निवासीश्रवण कुमार के पुत्र राहुल कुमार, राजेश साव के पुत्र मोहित कुमार, नरेश प्रसाद के पुत्र छोटू कुमार व मौजी साव के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार भी गर्म तेल से झुलस गये हैं. सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

अतिरिक्त सब्जी मांगने पर शुरू हुआ विवाद

अस्पताल परिसर में मौजूद घायल दुकानदार रोहित कुमार ने बताया कि वह अपनी दुकान में सुबह लिट्टी और दोपहर में समोसा बेचते हैं. मंगलवार की सुबह उपरटंडा के राहुल कुमार अपने दोस्तों के साथ लिट्टी लेने आये थे. उन्होंने 24 लिट्टी और सब्जी पैक करके देने के बाद और सब्जी मांगी, जिसे दिया गया. तीसरी बार बार एक्स्ट्रा सब्जी और मांगने पर उन्होंने मना कर दिया, जिससे उस दुकानदार और ग्राहकों के बीच नोंकझोंक शुरू हो गयी. इसके बाद ग्राहक राहुल कुमार ने अपने दोस्तों को कॉल करके बुलाया और दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी.

अकेला दुकानदार 25-30 लड़कों से घिरा

घायल दुकानदार ने बताया कि वह दुकान में अकेला था, और दुकान के आगे 25 से 30 लड़के झगड़ा कर रहे थे. इसी बीच मारपीट में उसका सिर फट गया और दुकान में रखे गर्म तेल की कड़ाही पलटने से दुकानदार समेत चार ग्राहक झुलस गये. हालांकि, घायलों से घटना के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.

पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की, आवेदन का इंतजार

मारपीट की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार एसआइ अरविंद पासवान और एएसआइ अमित कुमार वर्मा के साथ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल दुकानदार और ग्राहकों से बातचीत की. थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकानदार और ग्राहकों के द्वारा अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है. दोनों पक्षों के घायल लोगों को इलाज के लिए नवादा भेजा गया है. उन्होंने आश्वस्त किया कि आवेदन मिलने पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: KR MANISH DEV

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >