प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय पहुंचे जिला पदाधिकारी, छात्राओं को दी एचपीवी टीके की जानकारी
14 से 15 वर्ष की किशोरियों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाने की दी सलाहकैप्शन-टीकाकरण को लेकर स्कूली बच्चों को जागरूक करते पदाधिकारी.प्रतिनिधि,नवादा नगरस्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने शनिवार को प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रहे टीकाकरण कार्य का जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. प्राचार्य अनिल कुमार साह ने बताया कि टीकाकरण से पूर्व छात्राओं को इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी है. निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका इस घातक बीमारी से बचाव का एक सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है. उन्होंने विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की छात्राओं को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें.
जागरूकता फैलाने के निर्देश
डीएम ने विद्यालय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सामूहिक रूप से जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र छात्रा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे. इस अवसर पर सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीएम (स्वास्थ्य), सदर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत विद्यालय के शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
