नवादा: पकरीबरावां-राइस सड़क बनी हादसों का रास्ता, गड्ढों में पलटा टोटो, तीन गर्भवती घायल

पकरीबरावां-राइस सड़क पर गड्ढों के कारण हो रही लगातार दुर्घटनाएं अब जानलेवा साबित हो रही हैं. हाल ही में एक टोटो गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे प्रसव पूर्व जांच के लिए जा रही तीन गर्भवती महिलाएं घायल हो गईं। ग्रामीणों ने शीघ्र मरम्मत की मांग की है.

Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय से राइस गांव जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. हाल ही में इसी सड़क पर एक टोटो गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रही तीन गर्भवती महिलाएं घायल हो गईं.

बरसात में और खतरनाक हो गई सड़क

ग्रामीणों के अनुसार सड़क लंबे समय से जर्जर है. बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो जाता है. दोपहिया, टोटो, ऑटो समेत छोटे वाहन अक्सर गड्ढों में फंस जाते हैं या अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है.

सैकड़ों ग्रामीण रोज करते हैं इसी सड़क का इस्तेमाल

राइस गांव सहित आसपास के कई गांवों के लोग इसी मार्ग से प्रखंड मुख्यालय, अस्पताल, स्कूल और बाजार आते-जाते हैं. सड़क की बदहाली से मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और आम यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद कादिर, जमशेद आलम, मोहम्मद मारुफ, मोहम्मद शौकत, लाटो साव और शंभू साव समेत कई ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों की भराई तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है.

बीडीओ बोले—जल्द होगी मरम्मत

प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों की जानकारी मिली है. संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी जा रही है और विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर जल्द मरम्मत कराई जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >