Nawada News : नवादा के रजौली में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. सभी की पहचान सीतामढ़ी जिले के निवासियों के तौर पर हुई है. मृतक आपस में रिश्तेदार भी हैं. सीतामढ़ी से 12 लोगों की टीम यहां गांव में खेती के दौरान मजदूरी करने आई थी.
घटना अमावां पश्चिमी पंचायत के दरियापुर गांव की है. गांव के स्थानीय किसान मनोज यादव के खेत में धान की रोपाई कर रहे मजदूरों पर अचानक तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) आ गिरी. वज्रपात का झटका इतना जोरदार था कि खेत में काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. कड़कड़ाती बिजली गिरते ही चारों ओर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक व अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
रोजी-रोटी की तलाश में सीतामढ़ी से पहुंचे थे सभी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के मधेशरा गांव से कुल 12 मजदूरों की एक टीम धान रोपाई के मौसम में आजीविका कमाने के लिए रजौली क्षेत्र में आई हुई थी. घटना के वक्त ये मजदूर अलग-अलग जगहों पर काम में लगे हुए थे. कुछ मजदूर पास के राजा बिगहा गांव में धान रोप रहे थे, जबकि चार मजदूर दरियापुर गांव में मनोज यादव के खेत में रोपाई का कार्य कर रहे थे. इसी बीच अचानक आसमान में काले बादल घिर आए और भयानक गर्जना के साथ सीधे उस खेत पर बिजली गिर पड़ी, जिससे तीन जिंदगियां पल भर में खत्म हो गईं.
चाचा और दो चचेरे भाइयों की मौत, युवक बचा
इस दर्दनाक हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि जान गंवाने वाले तीनों मजदूर आपस में रिश्तेदार थे, जिनमें एक चाचा और उनके दो चचेरे भाई शामिल हैं. मृतकों की पहचान सीतामढ़ी जिले के मधेशरा गांव निवासी 60 वर्षीय मनी मांझी, रामप्रीत मांझी के 20 वर्षीय पुत्र राजेंद्र मांझी तथा इंदल मांझी के 18 वर्षीय पुत्र इंद्रजीत मांझी के रूप में हुई है. वहीं सीतामढ़ी के मधेशरा गांव के अशोक मांझी का पुत्र रघुवीर कुमार साथ रहने बावजूद खुशकिस्मती से इस आकाशीय कहर के बीच जीवित बच गया, जिसने इस भयावह मंजर को अपनी आंखों से देखा.
एम्बुलेंस से शव ले जाने की हो रही कवायद
हादसे की खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. ग्रामीणों द्वारा तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रखंड प्रशासन को मामले की सूचना दी गई. घटना के तुरंत बाद कागजी प्रक्रिया और शवों को आगे के अस्पताल व पोस्टमार्टम के लिए ले जाने हेतु दो एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं. पेट की आग बुझाने और मेहनत-मजदूरी करने सुदूर सीतामढ़ी से आए परिजनों की असमय मौत से क्षेत्र में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया.
यह भी पढ़ें : नवादा के रजौली में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
