Nawada News : हाथों में तिरंगा और जुबां पर वंदे मातरम् व भारत माता की जय के नारों के साथ बुधवार को काशीचक में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के निर्देश पर चल रहे हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए. देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा.
बीडीओ के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा
प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में सीओ, प्रखंड प्रमुख पंकज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. चंडीनावां मुखिया प्रतिनिधि वरुण सिंह, बेलड़ मुखिया जितेंद्र कुमार, मुखिया शंकर कुमार, मुखिया ब्रजशेखर कुमार, बिरनामा मुखिया प्रतिनिधि टुन्ना महंतो, राजद नेता देवव्रत कुमार, 20 सूत्री अध्यक्ष रामप्रवेश कुमार उर्फ लुलु, इंटर विद्यालय चंडीनावां के प्राचार्य विनय कुमार, डॉ. वेद प्रकाश, प्रेम कुमार, दिवाकर कुमार और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जीवेश कुमार सहित अन्य लोगों ने यात्रा में भाग लिया.
Also Read : जोगिया हत्याकांड की जांच के लिए पहुंची CID टीम, घटनास्थल और पीड़ित परिवार से ली जानकारी
देशभक्ति के नारों से गूंजा काशीचक
तिरंगा यात्रा के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया. इस दौरान 'सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा', 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंजता रहा. हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था.
प्रखंड कार्यालय से मधेपुर तक निकली यात्रा
तिरंगा यात्रा प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर सकरगंज मोड़, भट्टा मोड़, रेलवे स्टेशन और काशीचक बाजार होते हुए मधेपुर तक पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ. यात्रा के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी तिरंगा लेकर शामिल हुए. लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया.
हर घर तिरंगा अभियान के तहत हुआ आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है. आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी निभायी और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
Also Read : नोखा में 500 से अधिक बाइक के साथ निकली तिरंगा रैली, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर
