डीएम साहब... कितनों का कटा चलान.. कितने के डीएल हुए रद्द.. उठ रहा सवाल...

न जुर्माना और ना ही लाइसेंस रद्द होने का भय, नियमों की धज्जियां उड़ा रहे चालक

नवादा नगर. दुर्घटना रहित सुखद यात्रा को लेकर परिवहन विभाग की बैठक में डीएम रवि प्रकाश ने कई निर्देश जारी किये. लेकिन, यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने को लेकर जारी आदेश का पालन धरातल पर कहीं नहीं दिख रहा है. पिछले दिनों प्रशासन की ओर से चलाये गये अभियान के बाद कुछ दिनों के लिए पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट, नो पेट्रोल का अभियान चलाया गया. डीएम ने बिना हेलमेट पहनकर बाइक चलने वालों पर आर्थिक दंड लगाने और राॅन्ग साइड से गाड़ी चलाने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त करने के साथ लाइसेंस को रद्द करने का आदेश दिया है. लेकिन, इस आदेशों का अनुपालन होता नहीं दिख रहा है. ट्रैफिक का दबाव झेल रही सड़कों पर सबसे ज्यादा दो पहिया वाहन चालक सड़क दुर्घटनाओं में जिंदगी गंवा रहे हैं. जिले में कई बाइक सवार अब तक सड़क हादसों की भेंट चढ़ चुके हैं. सड़कों पर लगातार हो रहे हादसों के बाद भी लापरवाह बाइक चालक सबक नहीं ले रहे हैं और बिना हेलमेट के ही सड़कों पर बाइक दौड़ा रहे हैं. डीएम दिसंबर से ही सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चला रहे हैं, पर इस अभियान का कोई असर नहीं दिख रहा है. डीएम के नये आदेश के अनुसार, अब बिना हेलमेट के बाइक चालकों और बिना बेल्ट के वाहन चालकों पर आर्थिक दंड लगाना है, जबकि रॉन्ग साइड से वाहन चलाते पकड़े जाने पर चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करना है. इन आदेशों का सड़कों पर कितना अनुपालन हो रहा है, यह जानने के लिए प्रभात खबर ने मंगलवार को पड़ताल की. सड़कों पर आदेश के बिल्कुल विपरीत स्थिति नजर आयी. डीएम के आदेशों का यातायात पुलिस व सुरक्षा में लगे पुलिस बलों पर कोई असर नहीं है. शहर के सद्भावना चौक, कदमकुआं चौक, प्रजातंत्र चौक, इंदिरा चौक, भगत सिंह चौक, पार नवादा गया रोड, रजौली बस स्टैंड, नेशनल हाइवे पर बिना हेलमेट के बाइक चलाते लोग दिखे. एनएच-20 पर रॉन्ग साइड काफी संख्या में गाड़ियां चल रही थीं. मंगलवार को परीक्षा होने के कारण यह नजारा और आम दिख रहा था. हालांकि, शहर में पहले की अपेक्षा ज्यादा लोग अब हेलमेट का भी इस्तेमाल करना शुरू कर दिये हैं. क्या कहते हैं अधिकारी जांच अभियान को तेज किया गया है. अब शहरी क्षेत्र के अलावे ग्रामीण हिस्सों में भी जांच का अभियान चलाया जा रहा है. नवीन कुमार पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >