नवादा: पकरीबरावां में विज्ञान संगोष्ठी में दिखी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, ऊर्जा के भविष्य पर पेश किये मॉडल

नवादा के पकरीबरावां में आयोजित प्रखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने 'भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047: संभावनाएं एवं चुनौतियां' विषय पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए. उन्होंने ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के तरीके समझाए.

Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र के इंटर विद्यालय पकरीबरावां में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया. ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपने मॉडल के माध्यम से ऊर्जा के क्षेत्र में भविष्य की तस्वीर पेश की.

मॉडल के जरिये ऊर्जा के भविष्य को समझाया

संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संतुलन से जुड़े विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किये. किसी मॉडल में ऊर्जा बचाने का संदेश दिया गया, तो किसी में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की उपयोगिता को दर्शाया गया. बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया कि वर्ष 2047 तक देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को किस तरह पूरा किया जा सकता है.

वैज्ञानिक अवधारणाओं को भी किया प्रस्तुत

विद्यार्थियों ने केवल मॉडल प्रदर्शित नहीं किये, बल्कि उनके पीछे की वैज्ञानिक अवधारणाओं के बारे में भी जानकारी दी. ऊर्जा की बढ़ती मांग, संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों को सरल तरीके से प्रस्तुत कर बच्चों ने अपनी समझ का परिचय दिया. विद्यार्थियों के मॉडल ने शिक्षकों और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

निर्णायक मंडल ने किया मॉडलों का मूल्यांकन

मॉडलों का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया था. इसमें उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गुलनी के शिक्षक अजीत कुमार, रामधन मुलको प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय की स्वीटी कुमारी और उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भलुकी की रूबी कुमारी शामिल रहीं. वहीं प्राथमिक विद्यालय पकरी के शिक्षक सुबोध कुमार को कार्यक्रम की सफलता के लिए प्राधिकृत किया गया था.

संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला. शिक्षकों ने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विश्वनाथ कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >