Hisua Student Murder : नवादा के हिसुआ सदर थाना क्षेत्र स्थित टीएस कॉलेज के मुख्य गेट के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक छात्र की हत्या कर दी. कॉलेज गेट के पास हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान हिसुआ निवासी प्रणय उर्फ पीयूष कुमार के रूप में हुई है. वह जिले के वरिष्ठ पत्रकार उदय कुमार भारती के भतीजे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कॉलेज गेट के समीप पीयूष को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप
कॉलेज के मुख्य गेट के समीप अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही पीयूष के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
घटना के बाद व्यवसायी और पत्रकारिता जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई. वहीं, वारदात के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है. गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान भी तत्काल नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.
आईजी की मौजूदगी के बीच हुई वारदात
गौरतलब है कि घटना से कुछ समय पहले ही मगध रेंज के आईजी विकास वैभव का काफिला इसी मार्ग से नवादा पुलिस मुख्यालय पहुंचा था. आईजी यहां आयोजित बैठक में शामिल होने पहुंचे थे.
ऐसे में पुलिस के वरीय अधिकारी की मौजूदगी के दौरान कॉलेज गेट के समीप दिनदहाड़े हुई छात्र की हत्या ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
