Nawada News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने की दिशा में नवादा जिले की रजौली थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार के निर्देशन में गश्त के दौरान अवैध देशी शराब के साथ एक शातिर धंधेबाज को धर-दबोचा गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमावां मोड़ के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को दबोचने में सफलता पाई.
डिक्की से शराब बरामद
रजौली थाना के सहायक अवर निरीक्षक बीरेंद्र ओझा पुलिस बल के साथ गश्त पर थे. इसी बीच तेजी से आ रही एक ग्लैमर मोटरसाइकिल को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक वाहन पटककर भागने लगा. मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया. पकड़े गए अभियुक्त की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी राज कुमार के रूप में हुई है, जिसकी बाइक की डिक्की से 10 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की गई.
चोरी की निकली मोटरसाइकिल
पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया. जब थाने लाकर पाउस मशीन से वाहन की तकनीकी जांच की गई, तो एक और बड़ा खुलासा हुआ. जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल नारदीगंज थाना कांड संख्या 02/26 के तहत पूर्व से चोरी की है. पुलिस ने शराब तस्करी के साथ-साथ चोरी का वाहन इस्तेमाल करने का मामला भी दर्ज किया है.
भेजा गया न्यायिक हिरासत में
नवादा पुलिस द्वारा इस पूरे मामले को लेकर रजौली थाना कांड संख्या 376/26 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार प्राथमिक अभियुक्त राज कुमार को गुरुवार को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय नवादा के समक्ष पेश किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
Also Read: नवादा: गोविंदपुर में तीन अलग-अलग हादसे, 8 वर्षीय छात्र समेत तीन गंभीर रूप से घायल
