Nawada News : रोटरी क्लब ऑफ नवादा के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 26वां पदस्थापन समारोह शुक्रवार की देर रात आयोजित किया गया. समारोह में नीरज लोहानी ने अध्यक्ष और प्रह्लाद प्रसाद ने सचिव पद की जिम्मेवारी संभाली. रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग की मौजूदगी में आयोजित कॉलर चेंज कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने नीरज लोहानी और निवर्तमान सचिव आदित्य कुमार ने प्रह्लाद प्रसाद को कॉलर पहनाकर नयी जिम्मेवारी सौंपी.
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नये कार्यक्रम शुरू होंगे
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज लोहानी ने कहा कि क्लब को सेवा कार्यों के माध्यम से डिस्ट्रिक्ट 3250 का सर्वश्रेष्ठ क्लब बनाने का प्रयास किया जायेगा. शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नये कार्यक्रम शुरू करने की योजना है. उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की.
चार सदस्यों ने मेजर डोनर बनने की घोषणा की
कार्यक्रम के दौरान आरपी साहू, वजीर प्रसाद, नीरज लोहानी और डॉ मनोज कुमार ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग के समक्ष मेजर डोनर बनने की घोषणा की. क्लब में 60 से अधिक सदस्य होने पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने सभी सदस्यों को बधाई दी और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही.
नवादा में आई हॉस्पिटल स्थापित करने का प्रस्ताव
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने रोटरी के उद्देश्यों और सेवा गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने नवादा में आई हॉस्पिटल स्थापित करने का प्रस्ताव रोटरी इंटरनेशनल को भेजने की बात कही. इससे जिले में जरूरतमंद लोगों को आंखों से संबंधित बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा सकेगी.
पूर्व जिला गवर्नर संदीप नारंग और वर्ष 2028-29 के लिए चयनित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ अजय कुमार ने नयी टीम को शुभकामनाएं दीं. समारोह के दौरान 10 नये सदस्यों ने रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण की. पड़ोसी जिलों के रोटरी क्लबों के सदस्यों और इनर व्हील क्लब की महिलाओं ने भी नयी टीम को शुभकामनाएं दीं.
पदस्थापन से पहले किये गये सेवा कार्य
पदस्थापन समारोह से पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आरओ वाटर सिस्टम का उद्घाटन किया. इसके अलावा टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण किया गया और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सिलाई मशीनें दी गयीं.
कार्यक्रम के दौरान जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया. मंच संचालन अनिल भगत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ आरपी साहू ने किया.
