Nawada News : रजौली थाना पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने फुलवरिया और बहादुरपुर गांव में छापेमारी कर तीनों को उनके घरों से गिरफ्तार किया. कार्रवाई न्यायालय से निर्गत वारंट के आलोक में की गयी.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहे कुछ वारंटी अपने-अपने घरों में छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित गांवों में छापेमारी की. इस दौरान तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
फुलवरिया और बहादुरपुर से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार वारंटियों की पहचान फुलवरिया गांव निवासी चांदो चौधरी के पुत्र संजय चौधरी, फागु मुसहर के पुत्र समाली मुसहर और बहादुरपुर गांव निवासी प्रयाग चौधरी के पुत्र माहो चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था और पुलिस को उनकी तलाश थी.
मेडिकल जांच के बाद भेजे गये जेल
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों वारंटियों की शुक्रवार को मेडिकल जांच करायी गयी. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
