Nawada News : रजौली प्रखंड परिसर स्थित सभागार में शनिवार को रैयती भूमि विवादों के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया. राजस्व कर्मचारी संतोष कुमार एवं गुलाबचंद दास के नेतृत्व में आयोजित इस जनता दरबार में कुल दो मामले पहुंचे, जिनका मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.
दोनों मामलों का मौके पर हुआ समाधान
अंचल नाजिर शिव शंकर कुमार ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को रैयती भूमि से जुड़े विवादों के समाधान के लिए जनता दरबार लगाया जाता है, जहां दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामलों की सुनवाई कर निष्पादन किया जाता है. उन्होंने बताया कि इस शनिवार करिगांव निवासी बिरजू शर्मा का भूमि विवाद दिलीप पासवान और रतन पासवान के साथ था, जबकि फरका बुजुर्ग गांव निवासी कारू रविदास का भूमि विवाद विजय यादव के साथ था. दोनों मामलों में सभी पक्ष उपस्थित रहे और अंचल स्तर पर दोनों विवादों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया.
विवाद होने पर जनता दरबार आने की अपील
अंचल नाजिर शिव शंकर कुमार ने लोगों से अपील की कि भूमि संबंधी विवादों को लेकर आपस में झगड़ा या तनाव पैदा करने के बजाय प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में पहुंचें. उन्होंने कहा कि यहां दोनों पक्षों की सहमति और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण तरीके से विवादों का समाधान किया जाता है.
ये लोग रहे मौजूद
जनता दरबार के दौरान उर्दू अनुवादक पिंकी कुमारी सहित अंचल कार्यालय के कर्मी एवं दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे.
