Nawada News : रजौली अंचल कार्यालय परिसर स्थित प्रखंड सभागार में शनिवार को अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी के नेतृत्व में जनता दरबार आयोजित किया गया. इसमें रैयती भूमि से जुड़े विवादों की सुनवाई की गयी. जनता दरबार में कुल चार मामले पहुंचे, जिनमें तीन मामलों का अंचल स्तर पर दोनों पक्षों की मौजूदगी में निपटारा कर दिया गया.
चार भूमि विवादों पर हुई सुनवाई
जनता दरबार में डुमरकोल निवासी मीना देवी का झिरझो निवासी सुंदर महतो, अमृत महतो, सुरेंद्र महतो, सहदेव महतो व अर्जुन महतो के साथ भूमि विवाद सामने आया. वहीं पलाकी गांव निवासी बाबूलाल पंडित का जहेंद्र रविदास, सत्येंद्र रविदास व उपेंद्र रविदास के साथ विवाद था. धमनी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार का दीपक मोदी के साथ भूमि विवाद भी जनता दरबार में पहुंचा.
अंचलाधिकारी ने बताया कि इन तीनों मामलों में दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में अंचल स्तर से विवादों का निपटारा कर दिया गया. चौथे मामले में आवश्यक प्रक्रिया के तहत सुनवाई की गयी.
हर शनिवार आयोजित होता है जनता दरबार
सीओ मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि रैयती भूमि विवादों के निपटारे के लिए प्रत्येक शनिवार को अंचल कार्यालय में जनता दरबार लगाया जाता है. इसका उद्देश्य छोटे-छोटे भूमि विवादों को स्थानीय स्तर पर ही सुलझाना है, ताकि विवाद आगे बढ़कर तनाव या मारपीट का रूप न ले.
जनता दरबार में अमीन शालिनी कुमारी और उर्दू अनुवादक पिंकी कुमारी भी मौजूद रहीं. मौके पर गृहरक्षक के जवान समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.
जमीन विवाद में तनाव से बचने की अपील
अंचलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि जमीन को लेकर आपस में तनाव, मारपीट या झगड़ा न करें. किसी प्रकार का भूमि विवाद होने पर उसे जनता दरबार में लाएं. यहां पारदर्शी तरीके से और कानून के दायरे में रहकर मामले का निष्पादन किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि छोटे-छोटे भूमि विवाद गांव और अंचल स्तर पर ही सुलझ जाएं, ताकि लोगों के बीच आपसी सौहार्द बना रहे.
