मद्यनिषेध अभियान के तहत रजौली थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. गुरुवार को दोपटा गांव के समीप छापेमारी कर 150 लीटर चुलाई महुआ शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा शाइन बाइक भी जब्त कर ली गई.
बोरे में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में होंडा शाइन बाइक पर प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर ले जाई जा रही 150 लीटर चुलाई महुआ शराब बरामद की गई. गिरफ्तार तस्कर की पहचान मुरहेना गांव निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है.
सीमावर्ती इलाके में गश्त के दौरान मिली सफलता
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्र ने बताया कि बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित चितरकोली समेकित जांच चौकी पर लगातार वाहनों की सघन जांच की जा रही है. इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में गश्त भी तेज कर दी गई है. गुप्त सूचना के आधार पर दोपटा गांव के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
एफआईआर दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
जब्त शराब और बाइक को उत्पाद विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है. आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
शराब तस्करों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ गृहरक्षक बल के जवान भी मौजूद थे.
