Excise Department: रजौली के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान 39 लीटर विदेशी बीयर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के निर्देश पर शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे सघन जांच अभियान के तहत की गयी.
उत्पाद टीम ने अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में झारखंड की ओर से बिहार सीमा में प्रवेश कर रही एक नीले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी को जांच के लिए रोका. स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गयी 500 एमएल क्षमता वाली गॉडफादर द लीजेंडरी स्ट्रॉन्ग बीयर की 78 कैन बरामद हुई. बरामद बीयर की कुल मात्रा 39 लीटर बतायी गयी है.
स्कूटी से छिपाकर ला रहे थे बीयर
कार्रवाई के दौरान स्कूटी सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर बाजार थाना क्षेत्र के खिलवत वार्ड संख्या छह निवासी स्वर्गीय रणधीर सिंह के पुत्र अमर ज्योति कुमार और दाउदनगर मोटालुके दनाईपट्टी वार्ड संख्या नौ निवासी अजय सिंह के पुत्र अमरेश कुमार के रूप में हुई है.
उत्पाद विभाग के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आया कि दोनों झारखंड से बीयर की खेप लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए उसका परिवहन कर रहे थे.
उत्पाद टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में अवर निरीक्षक नागो लकड़ा और सहायक अवर निरीक्षक मो. साबिर की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
उत्पाद विभाग ने बरामद 39 लीटर बीयर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
