रजौली प्रखंड कार्यालय में 5 फीट लंबा सांप मिलने से मची अफरा-तफरी, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

रजौली प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अचानक 5 फीट से लंबा सांप दिखने से हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया. इसके बाद परिसर में लोगों ने राहत की सांस ली.

Rajouli Block Office: रजौली प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब पांच फीट से अधिक लंबा सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही परिसर में काम कर रहे मजदूर, कौशल विकास केंद्र के छात्र और बुनियादी केंद्र में आने वाले वृद्धजन सहम गये और इधर-उधर भागने लगे.

बताया जाता है कि प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन भवन का काम चल रहा था. इसी दौरान सांप तेजी से जमीन पर रखे छड़ के बंडल में घुस गया. सांप को छड़ में जाते देख मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना संवेदक संजय कुमार बंटी को दी. संवेदक ने मामले की जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव झा को दी.

बीडीओ की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम

बीडीओ संजीव झा ने तत्काल वन विभाग के रेंजर नारायण लाल सेवक को इसकी जानकारी दी. रेंजर के निर्देश पर वनपाल सुमित कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की त्वरित रेस्क्यू टीम प्रखंड परिसर पहुंची. टीम में वनरक्षी संजय कुमार, रंजन कुमार, नीतीश कुमार और विपिन कुमार शामिल थे.

स्नेक कैचर की मदद से सांप का रेस्क्यू

वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद स्नेक कैचर की मदद से सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे थैले में बंद किया. रेस्क्यू के दौरान सांप को मामूली चोट लग गयी थी. वनकर्मियों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद सांप को सुरक्षित तरीके से घने जंगल में छोड़ दिया गया.

वन विभाग ने लोगों से की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि आवासीय या कार्यालय परिसर में सांप दिखाई देने पर उसे लाठी-डंडे से मारने की कोशिश न करें. इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके.

सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में लोगों का आवागमन सामान्य हो गया. इससे कर्मचारियों, मजदूरों और वहां आने वाले लोगों ने राहत की सांस ली.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार मनीष देव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >