प्रतिनिधि नवादा नगर नवादा शहर में बढ़ती जाम की समस्या और रेलवे क्रॉसिंग के कारण लोगों को हो रही परेशानी के बीच एक बार फिर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मामला चर्चा में आ गया है. केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ, नवादा की ओर से शनिवार को आरओबी निर्माण की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. धरना के माध्यम से संघ ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में आरओबी का निर्माण कराने की मांग उठाते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग से ठोस पहल की मांग की. संघ की ओर से मुख्य रूप से नंबर-3 स्टैंड से इंद्रा चौक तक आरओबी, मिर्जापुर-गोसाईं बीघा में आरओबी तथा बुंदेलखंड क्षेत्र में आरओबी निर्माण की मांग रखी गयी. संघ के पदाधिकारियों का कहना था कि शहर में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन यातायात को सुचारू रखने के लिए जरूरी वैकल्पिक मार्ग और आरओबी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. इसके कारण रेलवे क्रॉसिंग और प्रमुख सड़कों पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. जाम में फंस रहे स्कूली बच्चे और मरीज संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि जाम की समस्या अब केवल आवागमन तक सीमित नहीं रह गयी है. इसका असर स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और आवश्यक सेवाओं पर भी पड़ रहा है. कई बार जाम के कारण बच्चे समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पाते हैं. वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ती है. आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासनिक वाहनों के समय पर पहुंचने में भी बाधा आती है. उपाध्यक्ष उमाशंकर रजक समेत अन्य सदस्यों ने कहा कि आरओबी का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ विकास की रफ्तार को भी बढ़ाएगा. बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए अब आरओबी का निर्माण समय की मांग बन चुका है. संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा. धरना में शंकर लोहार, विजय चौधरी, मुंद्रिका प्रसाद, ब्रजेश कुमार, पंकज कुमार, मनोज चौधरी,सलोनी कुमारी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे.
खबर लग agyi है.... शहर में रेलवे ओवरब्रिज को लेकर यात्री संघ ने दिया धरना

खबर लग agyi है.... शहर में रेलवे ओवरब्रिज को लेकर यात्री संघ ने दिया धरना
Copied link
फिर चर्चा में आया आरओबी का मामला, नंबर-3 स्टैंड से इंद्रा चौक समेत तीन जगहों पर निर्माण की मांग