Nawada News : हिसुआ पांचूगढ़ निवासी शिक्षक मनीष भारती के 24 वर्षीय पुत्र प्रणय भारती उर्फ पियूष हत्याकांड के बाद उपजे विवाद को शांत करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर पूरे हिसुआ बाजार को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित अनहोनी को समय रहते रोकना और बाजार में शांति व्यवस्था कायम रखना है.
हर चौक-चौराहे पर तैनात किया गया भारी पुलिस बल
पहली सितंबर को हुई घटना के बाद हत्याकांड को जातीय रंग देने की कोशिशों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है. आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.
बुधवार को हुई शांति समिति की बैठक के बाद एसपी ने हिसुआ बाजार के प्रत्येक चौक-चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की बात कही थी. इसके बाद गुरुवार को बाहरी पुलिस बलों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ और शाम तक पूरा हिसुआ बाजार पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.
धारा 163 पहले से लागू, फिर भी बढ़ायी गयी सुरक्षा
शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से हिसुआ में अनुमंडल दंडाधिकारी के निर्देश पर बीएनएस की धारा 163 पहले से लागू है. इसके बावजूद आम नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए हिसुआ के प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है.
Also Read : गंगा उद्धव योजना के लिए जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों की महापंचायत, बोले - जमीन नहीं छोड़ेंगे
पुलिस ने पूरे बाजार में निकाला फ्लैग मार्च
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार शाम हिसुआ पुलिस ने विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर पूरे बाजार में फ्लैग मार्च निकाला. फ्लैग मार्च का नेतृत्व सर्किल इंस्पेक्टर सह मामले के अनुसंधानकर्ता दिगंबर कुमार, नगर परिषद के ईओ आतिश रंजन, बीडीओ देवानंद कुमार सिंह और थानाध्यक्ष मृत्युंजय ने किया.
फ्लैग मार्च में स्वाट टीम के सैकड़ों जवानों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए. पुलिस अधिकारियों ने बाजार में भ्रमण कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की.
Also Read : 16 सूत्री मांगों को लेकर कांग्रेस का नवादा में धरना, आरओबी निर्माण और रोह को अनुमंडल बनाने की मांग उठी
