सड़क पर स्टंट करना पड़ा भारी, पुलिस ने दबोच कर 19 हजार लगाया जुर्माना

Nawada News. शहर की मुख्य सड़कों पर जानलेवा स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है.

एक युवक गिरफ्तार, दूसरी बाइक और उसके सवार की तलाश में जुटी यातायात पुलिस

प्रजातंत्र चौक से आइटीआइ रोड तक खतरनाक स्टंट का वीडियो हुआ था वायरल

प्रभात खबर में युवक के बाइक से खतरनाक स्टंट की खबर छपी थी, यातयात पुलिस ने लिया संज्ञान

प्रभात इंपैक्ट

फोटो

कैप्शन- जुर्माने के लिए थाना पहुंचा स्टंटबाज युवक.

– रोड पर स्टंट करते युवक का फाइल फोटो.

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय

शहर की मुख्य सड़कों पर जानलेवा स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है. प्रजातंत्र चौक से आईटीआई तक दो बाइकों पर खतरनाक करतब दिखाने वाले युवकों में से एक को पुलिस ने कादिरगंज से गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए युवक की पहचान मोनू कुमार के रूप में हुई है, जिस पर यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 19 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. पिछले दो दिनों से शहर के बीचों-बीच स्टंटबाजी की तस्वीरें सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं. प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित खबर और यातायात पुलिस उपाधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया. हिरासत में लिये गये युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कसम खायी है.

फरार स्टंटबाज की तलाश जारी

यातायात थानाध्यक्ष विद्याशंकर कुमार ने बताया कि इस स्टंट में शामिल दूसरी बाइक और उसके चालक की पहचान कर ली गयी है. फरार युवक पर पहले भी दो बार लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, लेकिन वह फिर से इसी हरकत में शामिल पाया गया है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. यातायात विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना दंडनीय अपराध है. पकड़े जाने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ बाइक जब्त करने और कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने युवाओं से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >