हैदराबाद में नवादा के खिलाड़ियों का जलवा, पवन ने जीता गोल्ड तो शिखा ने दिलाया ब्रॉन्ज, लौटने पर हुआ भव्य स्वागत

नवादा के युवा रग्बी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. पवन राज ने अपने दमदार खेल से गोल्ड मेडल जीता, जबकि शिखा कुमारी ने टीम को ब्रॉन्ज पदक दिलाया. उनकी इस जीत पर पूरे जिले में खुशी की लहर है.

Nawada Rugby Players National Medal : हैदराबाद में 6 से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय जूनियर अंडर-18 रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में नवादा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया. बिहार की बालक टीम ने खिताब जीतते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि बालिका टीम ने कांस्य पदक हासिल किया. बालक वर्ग में नवादा के पवन राज और बालिका वर्ग में शिखा कुमारी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बिहार की सफलता में अहम भूमिका निभाई.

पवन राज ने गोल्ड जीतकर बढ़ाया नवादा का मान

नवादा जिले के चुटकियां बीघा गांव निवासी पवन राज बिहार टीम के एकमात्र खिलाड़ी थे. किसान परिवार से आने वाले पवन ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और टीम को अपराजेय चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. पवन अब तक आठ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं, जिनमें उन्होंने सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं.

इंडिया कैंप के लिए हुआ चयन.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर पवन राज का इंडिया कैंप के लिए भी चयन किया गया है. यदि प्रशिक्षण शिविर के बाद अंतिम टीम में जगह मिलती है तो वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और बिहार का नाम रोशन करेंगे. साथ ही राज्य सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत उन्हें सरकारी नौकरी का लाभ मिलने की भी संभावना है.

शिखा कुमारी ने फिर बढ़ाया बिहार का गौरव

वारिसलीगंज प्रखंड के अफसढ़ बेलदरिया गांव की रहने वाली शिखा कुमारी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार की बालिका टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. शिखा अब तक छह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं, जिनमें उन्होंने दो स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता है. उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है.

नवादा लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत

प्रतियोगिता से लौटने पर कृष्णा प्रसाद खेल मैदान, मिर्जापुर में दोनों खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया. नवादा जिला रग्बी संघ के अध्यक्ष एके गुरु उर्फ अमित कुमार, सचिव विक्रम कुमार, शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा, अकादमी के कोच कीर्ति रंजन, खेलो इंडिया मिनी केंद्र के कोच मनजीत कुमार, चंदन कुमार सहित अन्य खेल प्रेमियों ने माला पहनाकर, बुके भेंट कर और मिठाई खिलाकर दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे और उनकी उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >