Nawada News : नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में देवधा कॉलेज मोड़ के समीप रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रही एक छात्रा से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार और छात्रा दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
बाइक का नियंत्रण बिगड़ने से हुआ हादसा
घायलों की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी किशोरी प्रसाद के पुत्र मंटू कुमार और देवधा कॉलेज मोड़ निवासी रामचंद्र प्रसाद की पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंटू कुमार बाइक से वारिसलीगंज की ओर से आ रहा था. देवधा कॉलेज मोड़ के पास पहुंचते ही बाइक पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पैदल जा रही छात्रा से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उठाकर निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पकरीबरावां पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू किया. चिकित्सकों के अनुसार, मंटू कुमार के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि छात्रा चांदनी कुमारी को भी शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है. दोनों की स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है.
अस्पताल पहुंचे परिजन, इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही दोनों घायलों के परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए. अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही. चिकित्सकों ने दोनों का इलाज जारी रखा है.
देवधा कॉलेज मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवधा कॉलेज मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और अन्य आवश्यक यातायात सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
Also Read : मुंशी प्रेमचंद जयंती पर नवोत्साह साहित्य संगम का आयोजन, साहित्यिक योगदान पर हुई विस्तृत चर्चा
