ऑनलाइन ऑर्डर पर नवादा में बवाल, वेज-नॉनवेज साथ पैक होने से भड़का ग्राहक, दुकान पहुंचकर की मारपीट

नवादा में एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। वेज और नॉनवेज एक साथ पैक होने से नाराज ग्राहक और होटल संचालक के बीच मारपीट तक बात पहुंच गई। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

Nawada Food Delivery Turns Violent Case : नवादा शहर में ऑनलाइन फूड ऑर्डर को लेकर एक मामूली लापरवाही ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया. वेज और नॉनवेज खाने को कथित तौर पर एक साथ पैक कर डिलीवरी देने से नाराज ग्राहक और होटल संचालक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना के बाद पीड़ित युवक ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया. दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हालात बिगड़ते चले गए.

ऑनलाइन ऑर्डर बना विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ला निवासी सौरभ कुमार ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी के जरिए शहर के द हांडी हट होटल से वेज और नॉनवेज दोनों तरह के खाने का ऑर्डर दिया था. आरोप है कि होटल की ओर से दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों को एक ही पैकेट में पैक कर डिलीवरी कर दी गई.

जब सौरभ कुमार ने पैकेट खोला तो उन्हें गड़बड़ी का पता चला. भोजन की शुद्धता और अलग-अलग पैकिंग को लेकर वे काफी नाराज हो गए.

होटल पहुंचकर किया विरोध, बढ़ा विवाद

बताया जाता है कि इस बात से आक्रोशित होकर सौरभ कुमार सीधे संबंधित होटल पहुंच गए. वहां उन्होंने इस लापरवाही पर आपत्ति जताई. इसी दौरान होटल संचालक और ग्राहक के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि होटल परिसर में युवक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और छिनतई की घटना भी हुई.

शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

मारपीट की घटना के बाद सौरभ कुमार ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर द हांडी हट के संचालक और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके साथ बदसलूकी के साथ-साथ मारपीट और सामान छीनने की कोशिश की गई.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.

सभी पहलुओं की हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >