Nawada News: नवादा के जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर की ओर से 30 जुलाई को संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई) परिसर में एक दिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा. इस कैंप में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर (एसएफओ) के 50 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी.
योग्यता, वेतन और मिलेंगी ये सुविधाएं
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं एवं स्नातक निर्धारित की गई है. भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयनित उम्मीदवारों को ₹12,500 सीटीसी के साथ ईपीएफ, ईएसआईसी, इंसेंटिव, इंश्योरेंस, मेडिकल इंश्योरेंस और निःशुल्क आवास की सुविधा दी जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल नवादा एवं गया जिला होगा.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया
रोजगार कैंप सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होगा. इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, पहचान पत्र (आधार कार्ड) की छायाप्रति, रंगीन फोटो एवं बायोडाटा (रिज्यूम) के साथ कैंप में भाग ले सकते हैं.
कैंप में शामिल होने के लिए नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य है. जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे जिला नियोजनालय में पहले अपना निबंधन कराकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं.
