नवादा से अनिल कुमार की रिपोर्ट
Nawada Pulse Polio Campaign: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकबरपुर में रविवार को विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में किया गया. अभियान की शुरुआत जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर की गई.
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिया अभियान सफल बनाने का संकल्प
इस अवसर पर बीएचएम विजय पासवान, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर, एएनएम, जीएनएम, सीएचओ समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. सभी ने अभियान को सफल बनाने तथा एक भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहने देने का संकल्प लिया.
घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिया गया कि घर-घर जाकर सभी पात्र बच्चों तक पोलियो की दो बूंद दवा पहुंचाई जाए. अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक से वंचित न रहे.
अभिभावकों से सहयोग की अपील
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की दो बूंद पिलाना है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं.
उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को सफल बनाया जा सके.
पोलियो मुक्त भारत के लिए सभी का सहयोग जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हर बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. सभी के सहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें:नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में
