Nawada News : रक्षाबंधन के अवसर पर नवादा पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर नई पहल शुरू की है. पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देशन में शुक्रवार को ‘अभया ब्रिगेड’ के तहत विशेष गश्ती-सह-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया. अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी विशेष वाहनों से शहर के स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों समेत प्रमुख सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त करेंगी.
‘पुलिस दीदी’ के रूप में तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी
अभया ब्रिगेड में तैनात महिला पुलिसकर्मियों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करना है. किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में जरूरतमंद महिलाओं और छात्राओं को मौके पर ही त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मी शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी. साथ ही छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद कर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी अप्रिय परिस्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित करेंगी.
Also Read : नवादा में बंद रेलवे फाटक के नीचे से लाइन पार करने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आया व्यक्ति, मौत
छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी नजर
पुलिस की इस पहल से विशेषकर छात्राओं और कामकाजी महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है. सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं से छेड़छाड़ और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी ‘अभया ब्रिगेड’ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. महिला पुलिसकर्मियों की नियमित गश्त से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी.
Also Read : नवादा में जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचे 11 परिवाद, डीएम ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश
आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
अभियान के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना भय पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया जाएगा. पुलिसकर्मी उन्हें सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों की जानकारी देने के साथ आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध करायेंगी.
रक्षाबंधन के मौके पर शुरू की गयी यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षा, विश्वास और त्वरित पुलिस सहयोग का भरोसा देने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है.
Also Read : नवादा के नियोजन मेले में 350 युवाओं का चयन, 22 निजी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
