नवादा के मेसकौर में डिग्री कॉलेज का सपना हुआ साकार, 1 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं

Nawada News : वर्षों का इंतजार खत्म, मेसकौर में राजकीय डिग्री कॉलेज में नामांकन शुरू; 1 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

नवादा से प्रेम कुमार की रिपोर्ट
Nawada News : मेसकौर प्रखंड में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज इंटर विद्यालय लाटो यादव में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है. वर्षों से स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज की मांग कर रहे लोगों के लिए यह बड़ी सौगात साबित हुई है. कॉलेज में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन लिया जा रहा है और आगामी 1 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी. फिलहाल कॉलेज का संचालन लाटो यादव इंटर विद्यालय मेसकौर परिसर से किया जा रहा है. कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉक्टर बबलू कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी मेरिट लिस्ट के आधार पर छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जा रहा है.

छह विषयों में शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया

राज्य सरकार और विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार प्रथम चरण में छह विषयों में नामांकन लिया जा रहा है. इनमें हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र शामिल हैं. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी. राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “सात निश्चय-3” के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच को मजबूत करना है.

भविष्य में विज्ञान और वाणिज्य की पढ़ाई भी होगी

शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार कॉलेज में आधारभूत संरचना विकसित होने के बाद विज्ञान, वाणिज्य और अन्य संकायों की पढ़ाई भी शुरू की जाएगी. इसके लिए स्थायी परिसर के निर्माण की योजना तैयार की जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में पांच एकड़ भूमि चिह्नित कर स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. भवन निर्माण का कार्य बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के माध्यम से कराया जाएगा. विद्यार्थी सुमिता कुमारी का कहना है कि मेसकौर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खुलने से हजारों छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा. अब उन्हें स्नातक की पढ़ाई के लिए हिसुआ, वजीरगंज, गया एवं नवादा या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

वर्षों का इंतजार खत्म, स्थानीय डिग्री कॉलेज से ग्रामीण छात्रों का सपना हुआ साकार

शिक्षाविद अजय कुमार का कहना है की अब तक छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए 40 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे आर्थिक और समय दोनों तरह की समस्याएं होती थीं. स्थानीय स्तर पर कॉलेज खुलने से खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी.

राजकीय डिग्री कॉलेज से बढ़ेगा उच्च शिक्षा का दायरा

समाजसेवी नरेश यादव, एवं कान्ति कुमारी का मानना है कि मेसकौर प्रखंड में राजकीय डिग्री कॉलेज की शुरुआत क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी. इससे न केवल उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए नए अवसर भी उपलब्ध होंगे.

Also Read : एमबीबीएस उत्तीर्ण कर नवादा का नाम किया रोशन, अखिल भारतीय रविदासिया धर्म संगठन ने डॉ. अनीशा कुमारी का किया सम्मान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >