नवादा के मुखिया को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अब दूसरे राज्यों की मॉडल पंचायतों से सीखेंगे विकास के गुर

Nawada News : बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत आयोजित “एक्सपोजर विजिट आउटसाइड स्टेट” कार्यक्रम के लिए गोविंदपुर प्रखंड की भवनपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार का चयन किया गया है.

Nawada News : (जावेद नजफ) बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत आयोजित “एक्सपोजर विजिट आउटसाइड स्टेट” कार्यक्रम के लिए गोविंदपुर प्रखंड की भवनपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार का चयन किया गया है. इस चयन से पूरे पंचायत क्षेत्र और जिले में खुशी का माहौल है.

दूसरे राज्यों की आदर्श पंचायतों का करेंगे भ्रमण

राज्य पंचायत संसाधन केंद्र, पंचायती राज विभाग बिहार पटना के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत चयनित मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों को देश के विभिन्न राज्यों की आदर्श पंचायतों का भ्रमण कराया जाएगा. इस दौरान पंचायत संचालन, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, डिजिटल व्यवस्था, स्वच्छता, जल प्रबंधन, सामुदायिक भागीदारी और सतत विकास से जुड़े सफल मॉडलों का अध्ययन कराया जाएगा.

26 मई से 29 मई तक चलेगा अध्ययन दौरा

जानकारी के अनुसार भवनपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार 26 मई से 29 मई तक आयोजित इस अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम में शामिल रहेंगे. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं को अधिक सशक्त, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है, ताकि पंचायतें सतत विकास लक्ष्यों को बेहतर तरीके से हासिल कर सकें.

पंचायतों में डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर

मुखिया मनोज कुमार ने कहा कि इस अभियान के तहत पंचायतों के क्षमता निर्माण, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता, जनभागीदारी और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है. दूसरे राज्यों की सफल पंचायतों से सीख लेकर स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को और बेहतर बनाया जाएगा.

चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत चयन होने पर पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने मुखिया मनोज कुमार को बधाई दी है. लोगों ने उम्मीद जताई कि इस अध्ययन भ्रमण से मिली जानकारी का लाभ भवनपुर पंचायत के विकास में देखने को मिलेगा और यह अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >