Nawada News : नवादा जिला नके रोह प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने कई घरों और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाते हुए ग्रामीणों में दहशत फैला दी. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं.
मध्य विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र को पहुंचाया नुकसान
जानकारी के अनुसार हाथियों का झुंड देर रात गांव में घुस आया और कई जगहों पर तोड़फोड़ शुरू कर दी. हाथियों ने मध्य विद्यालय परिसर और आंगनबाड़ी केंद्र को भी नुकसान पहुंचाया. भवन के दरवाजे और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए. ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ा.
खेत और घरों में मचाई तबाही
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों ने कई किसानों की फसल भी बर्बाद कर दी. घरों में रखे अनाज और सामान को नुकसान पहुंचाया गया. हाथियों के डर से लोग अपने घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं. बच्चों और महिलाओं में सबसे ज्यादा दहशत देखी जा रही है.
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हाथियों के लगातार इलाके में आने के बावजूद कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की जा रही है. लोगों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल की ओर सुरक्षित भेजने और गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
रातभर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण
हाथियों के डर से गांव के लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता है. वन विभाग की टीम इलाके में नजर बनाए हुए है.
