Nawada News: नवादा जिले के सदर प्रखंड की नवपदस्थापित अंचल अधिकारी (सीओ) गरिमा गीतिका ने विधिवत योगदान देकर कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा तथा भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निपटारा किया जाएगा.
गरिमा गीतिका ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी अनावश्यक विलंब के पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने पारदर्शी कार्यसंस्कृति, जवाबदेही और जनसहभागिता के साथ बेहतर प्रशासन देने का संकल्प भी दोहराया.
गौरतलब है कि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा 30 जून को राज्य के 270 अंचल अधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था. इसी क्रम में तत्कालीन सीओ विकेश कुमार सिंह का स्थानांतरण शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय अंचल में हुआ, जबकि उनके स्थान पर गरिमा गीतिका ने नवादा सदर अंचल की जिम्मेदारी संभाली. उनके आगमन से क्षेत्र के लोगों को पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी प्रशासन की नई उम्मीद जगी है.
