बिहार बंद के आह्वान और छात्र आंदोलन को देखते हुए नवादा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शहर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रजातंत्र चौक, भगत सिंह चौक, सद्भावना चौक, गया रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है. हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके. पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सभी तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. नवादा पुलिस ने आम लोगों, विशेषकर छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और किसी के बहकावे में आकर कानून अपने हाथ में न लें. सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी पोस्ट, फोटो या वीडियो को साझा करने से बचें. यदि किसी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल नवादा पुलिस से संपर्क करें. पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए प्रशासन ने कहा कि संयम और सतर्कता से ही जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है.
बिहार बंद और छात्र आंदोलन को लेकर नवादा में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात

फ़ोटो कैप्शन- पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते एसपी | Prabhat Khabar Network
Copied link
बिहार बंद और छात्र आंदोलन को देखते हुए नवादा पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है. शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. सभी से अफवाहों से बचने और संयम बनाए रखने की अपील की गई है.