नवादा नगर. संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार की संध्या साहेब कोठी मंदिर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से समरसता दीप महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला उपाध्यक्ष तेजस सिन्हा ने की. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे.
दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु रविदास को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर संत गुरु रविदास महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए. साथ ही सामाजिक समरसता, समानता, सेवा, सद्भाव और मानवता के उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा.
समरस समाज के निर्माण का दिया संदेश
जिला महामंत्री अरविंद गुप्ता ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और उपदेशों से समाज में समानता, भाईचारा और मानव सेवा का संदेश दिया, जो आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है. वहीं जिला उपाध्यक्ष तेजस सिन्हा ने कहा कि गुरु रविदास के विचार समाज को जाति-पांति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर सभी को समान सम्मान देने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर समरस, सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता
कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता राधेश्याम चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी गुलशन कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष माधुरी वर्णवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अफसाना खातून, सोशल मीडिया संयोजक नील नितिन, युवा मोर्चा महामंत्री विकास कुमार प्रभाकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रहित के प्रति अपने संकल्प को दोहराया.
