नवादा में साइबर डीएसपी की अपील, ठगी होते ही करें 1930 पर शिकायत, 50 से ज्यादा पीड़ितों की राशि लौटाई गई

नवादा साइबर डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर ने फेसबुक लाइव के जरिए लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने और साइबर अपराध की शिकायत करने के तरीके बताए।

नवादा. जिले में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए नवादा साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष मोहम्मद शाहनवाज अख्तर ने जिला प्रशासन के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लाइव आकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूक रहना और ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराना है.

1930 हेल्पलाइन पर तुरंत करें शिकायत

फेसबुक लाइव के दौरान साइबर डीएसपी ने बताया कि जिले में अधिकांश साइबर अपराध वित्तीय ठगी से जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें. यदि हेल्पलाइन पर संपर्क नहीं हो पाए तो राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें. समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई राशि को होल्ड कर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है.

50 से अधिक पीड़ितों की राशि लौटाने का दावा

साइबर डीएसपी ने बताया कि केंद्र सरकार के मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से अब तक 50 से अधिक साइबर ठगी पीड़ितों की राशि वापस कराई जा चुकी है. उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में ओटीपी और पैन कार्ड के जरिए सत्यापन किया जाता है. सुरक्षा कारणों से पूरी प्रक्रिया साइबर थाना में पीड़ित की उपस्थिति में पूरी कराई जाती है. अन्य मामलों में भी राशि वापस दिलाने की कार्रवाई जारी है.

बैंक खाता फ्रीज होने पर ऐसे मिलेगा समाधान

उन्होंने ग्रीवांस रिड्रेसल मॉड्यूल की जानकारी देते हुए बताया कि कई बार साइबर ठगी की रकम अनजाने में किसी निर्दोष व्यक्ति के बैंक खाते में पहुंच जाती है, जिससे उसका खाता फ्रीज हो जाता है. ऐसे खाताधारक अपने बैंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाती है. यदि आवेदक निर्णय से संतुष्ट नहीं हो तो जिला और राज्य स्तर पर अपील करने की सुविधा भी उपलब्ध है.

फर्जी लोन और नौकरी के झांसे से रहें सतर्क

साइबर डीएसपी ने लोगों को इस्लामिक बैंकिंग के नाम पर ब्याज मुक्त ऋण, फर्जी लोन, वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब और घर बैठे मोटी कमाई जैसे झूठे ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी पहले छोटे-छोटे टास्क देकर भरोसा जीतते हैं और बाद में शुल्क, निवेश या रिचार्ज के नाम पर ठगी करते हैं.

सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, मोबाइल ऐप या सोशल मीडिया पर मिलने वाले आकर्षक ऑफर पर बिना जांच-पड़ताल भरोसा न करें. किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें. उन्होंने कहा कि नवादा पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक बनाकर साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना भी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >