नवादा सदर. समाहरणालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर बिना पूर्व अनुमति धरना-प्रदर्शन कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में नगर थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत 20 से 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. यह कार्रवाई सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दुनिया लाल यादव के लिखित आवेदन के आधार पर की गई है.
बिना अनुमति मुख्य प्रवेश द्वार किया गया अवरुद्ध
बीडीओ दुनिया लाल यादव ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि शेखपुरा जिले के विशुनपुर निवासी ललन पासवान, वारिसलीगंज निवासी नरेंद्र कुमार तथा सिरदला प्रखंड के शाहोपुर निवासी सतीश कुमार ने अन्य 20 से 25 लोगों के साथ बिना सक्षम प्राधिकार से अनुमति लिए समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया. इससे परिसर का मुख्य गेट अवरुद्ध हो गया.
सरकारी कार्य और आवागमन हुआ प्रभावित
आवेदन के अनुसार, मुख्य प्रवेश द्वार बंद होने से समाहरणालय आने-जाने वाले सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को काफी परेशानी हुई. इसके कारण प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ा और सरकारी व्यवस्था प्रभावित हुई.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
बीडीओ के आवेदन के आधार पर नगर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के साथ 20 से 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
