Nawada News : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को नवादा व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ रवाना किया गया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
शहर के चौक-चौराहों पर चलेगा जागरूकता अभियान
जागरूकता रथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देगा. इस दौरान पंपलेट का वितरण कर लोगों को आपसी सहमति के आधार पर मामलों के त्वरित और सरल निपटारे के लिए प्रेरित किया जाएगा.
लोक अदालत की तैयारियों को लेकर विभागों के साथ हुई बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से गुरुवार को बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में बिजली एवं दूरभाष विभाग को संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करने, नगर परिषद को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा सभी थाना अध्यक्षों को शत-प्रतिशत नोटिस का तामिला सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा न्यायिक पदाधिकारियों के साथ भी लगातार समीक्षा बैठकें की जा रही हैं.
अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविन्द कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिला अधिवक्ता संघ और एडवोकेट एसोसिएशन का भी सहयोग लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाता है, जिससे आम लोगों को कम समय और कम खर्च में न्याय मिल पाता है. इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, न्यायिक पदाधिकारी, पारा विधिक स्वयंसेवक, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read : नवादा में विभिन्न पंचायतों और वार्डों में लगे सहयोग शिविर
