अकबरपुर थाना क्षेत्र के दोवधटी गांव में सोमवार को करेंट लगने से अधेड़ की मौत हो गयी. मृतक की पहचान दासो राजवशी के पुत्र देवनन्दन राजवशी (50 वर्ष) के रूप में हुई है . जानकारी के अनुसार, देवनन्दन राजवशी सोमवार की सुबह घर के पास खेत में काम से गये थे. इसी दौरान वह करेंट लग गया, इससे वह जमीन पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
ग्रामीणों ने कहा-जर्जर तार के कारण हुआ हादसा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मुखिया संजय राम ने बताया कि बिजली के तार में खराबी अथवा खुले तार के संपर्क में आने के कारण यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में जर्जर तारों और बिजली व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकी .
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में रोष
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. मृतक अपने पीछे पत्नी, बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये .
