नवादा में 18 साल का इंतजार खत्म, कन्हाई इंटर स्कूल में शुरू होगी केंद्रीय विद्यालय की पहली कक्षा, 27 जुलाई तक नामांकन का मौका

नवादा में केंद्रीय विद्यालय खुलने का सपना आखिरकार साकार होने वाला है. जिले में 18 साल के लंबे इंतजार के बाद, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कन्हाई इंटर स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई शुरू होगी. नामांकन प्रक्रिया जारी है, और अभिभावक 27 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं.

Nawada Education News : नवादा में केंद्रीय विद्यालय खुलने का सपना अब साकार होने जा रहा है. जिले में करीब 18 साल के लंबे इंतजार के बाद पहली बार केंद्रीय विद्यालय की पढ़ाई शुरू होने जा रही है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 से अस्थाई व्यवस्था के तहत कन्हाई इंटर स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी. इसके लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है और अभिभावक 27 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं.

केंद्रीय विद्यालय में दाखिले को लेकर अभिभावकों के बीच उत्साह देखा जा रहा है. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है. इससे पहले 13 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई थी.

Nawada News : पहले चरण में पांच कक्षाओं में होगा नामांकन

नव स्थापित केंद्रीय विद्यालय के अधिकारियों के अनुसार नए शैक्षणिक सत्र से ही विद्यालय का संचालन शुरू किया जाएगा. शुरुआत में कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन में बच्चों का नामांकन लिया जाएगा.

विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी फिलहाल पीएम केंद्रीय विद्यालय गया के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता को दी गई है. उनके निर्देशन में नामांकन से जुड़ी प्रक्रिया और शुरुआती व्यवस्थाओं को पूरा किया जा रहा है.

अस्थाई रूप से कन्हाई इंटर स्कूल में कक्षाएं संचालित होंगी. केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से नवादा जिले के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.

उम्र के आधार पर मिलेगा दाखिला

नामांकन के लिए बच्चों की उम्र सीमा 31 मार्च 2026 को आधार मानकर तय की गई है. कक्षा पहली में प्रवेश के लिए बच्चे की उम्र 6 वर्ष पूरी होनी चाहिए और 8 वर्ष से कम होनी चाहिए.

वहीं कक्षा दूसरी के लिए 7 से 9 वर्ष से कम, कक्षा तीसरी के लिए 8 से 10 वर्ष से कम, कक्षा चौथी के लिए 9 से 11 वर्ष से कम और कक्षा पांचवीं के लिए 10 से 12 वर्ष से कम उम्र निर्धारित की गई है.

इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

नामांकन के समय अभिभावकों को कई जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसमें भरा हुआ आवेदन फॉर्म, जन्म प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, बच्चे का आधार कार्ड या आधार नामांकन पर्ची, पासपोर्ट साइज फोटो और रक्त समूह की जानकारी देनी होगी.

इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चों के लिए सेवा प्रमाण-पत्र, वेतन पर्ची, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र और पिछले सात वर्षों में हुए स्थानांतरण का विवरण भी जमा करना होगा.

एससी, एसटी, ओबीसी एनसीएल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण-पत्र देना होगा. दिव्यांग बच्चों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र भी जरूरी होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >