नवादा: काशीचक के भट्टा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

नवादा के काशीचक में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

Nawada News: काशीचक प्रखंड के भट्टा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. इस दर्दनाक घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या और लंबे समय से प्रताड़ित किए जाने का दावा किया है. पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी सहायता ली जा रही है.

पांच माह की गर्भवती थी विवाहिता

नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव निवासी करण कुमार की लगभग 25 वर्षीय पत्नी बबीता देवी के रूप में मृतका की पहचान हुई है. मायके वालों ने बताया कि वर्ष 2019 में दोनों का विवाह पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ था. दंपति का एक बच्चा भी है. मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि मृतका बबीता करीब पांच माह की गर्भवती थी. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि चिकित्सीय जांच और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

अक्सर होता था विवाद

पीड़ित परिजनों का गंभीर आरोप है कि विवाहिता का अपने ससुराल में सास, ननद एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था. उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन बबीता ने खुद फोन कर अपने मायके आने की जानकारी दी थी. इसी बीच कुछ देर बाद अचानक यह स्तब्ध करने वाली सूचना मिली कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रोते-बिलखते भट्टा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया.

परदेस में रहता है पति

मायके पक्ष ने बताया कि मृतका का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे राज्य (परदेस) में कार्यरत है. उनके अनुसार बबीता के पति ने भी फोन पर बातचीत के दौरान उसे कुछ दिनों के लिए अपने मायके चले जाने की सलाह दी थी, लेकिन वह अपने मायके सुरक्षित पहुंच पाती, उससे पहले ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलते ही काशीचक थाना की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया.

फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

घटनास्थल से उपलब्ध भौतिक परिस्थितियों और अन्य संभावित सुरागों की जांच के लिए तुरंत फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक आधार पर पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच के नतीजे, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के लिखित बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

इस संबंध में काशीचक के थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मायके पक्ष के परिजनों से प्राप्त होने वाले लिखित आवेदन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashutosh kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >