Job in Nawada : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, पटना के निर्देश पर जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा की ओर से 13 अगस्त को दिव्यांगजनों के लिए एक दिवसीय रोजगार कैंप-सह-कैरियर एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया जायेगा. कैंप संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आइटीआइ), नवादा के प्रांगण में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लगेगा.
जिला नियोजन पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन ने बताया कि कैंप में एलआइसी इंडिया लिमिटेड, बीमा सखी एवं ग्रामीण अभिकर्ता के 20 रिक्त पदों पर चयन किया जायेगा. इसके लिए मैट्रिक उत्तीर्ण दिव्यांग अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयनित अभ्यर्थियों को पांच से सात हजार रुपये तक मानदेय के साथ इंसेंटिव, ग्रुप इंश्योरेंस और मेडिक्लेम की सुविधा मिलेगी. कार्यस्थल नवादा निर्धारित है.
इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र की छायाप्रति, रंगीन फोटो और बायोडाटा लेकर कैंप स्थल पर पहुंचना होगा. कैंप में केवल एनसीएस पोर्टल पर निबंधित अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे. जिनका निबंधन नहीं है, वे जिला नियोजनालय या एनसीएस पोर्टल पर निबंधन करा सकते हैं.
नियोजन निजी क्षेत्र में होगा. नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका में रहेगा और नियुक्ति की शर्तों के लिए नियोजक जिम्मेदार होंगे.
