नवादा: कुरकुरे के पैकेट में छिपाकर झारखंड से पटना लाई जा रही थी शराब की बड़ी खेप, गोविंदपुर चेकपोस्ट पर खुला तस्करी का राज; 12 लाख की विदेशी शराब जब्त

बिहार में शराबबंदी को धता बताने के लिए तस्करों ने एक नया तरीका अपनाया. गोविंदपुर जांच चौकी पर कुरकुरे चिप्स की बोरियों के नीचे छिपाई गई विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई. इस कार्रवाई में 150 कार्टन से अधिक शराब जब्त की गई है.

Nawada News : बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. इसी कड़ी में गोविंदपुर जांच चौकी के पास उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए वाहन के ऊपर कुरकुरे चिप्स की बोरियां रखी थीं, जबकि उनके नीचे शराब की पेटियां छिपाई गई थीं. जांच के दौरान पूरा मामला सामने आ गया और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है. विभाग की टीम अब इस बात की जांच में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किसके पास पहुंचाया जाना था.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम सक्रिय हो गई और गोविंदपुर जांच चौकी के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी गई.

इसी दौरान टीम ने वाहन संख्या BR01BB-3366 को रोककर तलाशी ली. पहली नजर में वाहन में ऊपर की तरफ कुरकुरे चिप्स की बोरियां रखी हुई थीं, जिससे ऐसा लग रहा था कि वाहन में सिर्फ खाद्य सामग्री ले जाई जा रही है. लेकिन जब उत्पाद विभाग की टीम ने गहन जांच की तो बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं.

मौके पर मौजूद उत्पाद विभाग के एसआई अशोक कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर एएसआई दिलीप कुमार और अन्य कर्मियों के साथ जांच चौकी पर कार्रवाई की गई थी. जांच के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है.

150 कार्टन में मिली 5,760 बोतल शराब

बरामद शराब की गिनती करने पर उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई. वाहन से ओल्ड हैबिट कंपनी निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई है. इसमें 180 एमएल की 90 कार्टन में कुल 4,320 बोतल शराब मिली, जिसकी मात्रा 777.600 लीटर बताई गई है.

इसके अलावा 375 एमएल की 60 कार्टन में 1,440 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 540 लीटर है. इस तरह दोनों को मिलाकर कुल 150 कार्टन में 5,760 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई. बरामद शराब की कुल मात्रा 1,317.600 लीटर है.

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है. इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी को विभाग बड़ी सफलता मान रहा है.

धनबाद से पटना ले जाई जा रही थी शराब की खेप

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के कर्माटांड़ निवासी स्वर्गीय बासु महतो के 30 वर्षीय पुत्र अजीत महतो के रूप में हुई है. पूछताछ में चालक ने बताया कि वह शराब की इस खेप को धनबाद से पटना लेकर जा रहा था.

हालांकि, उत्पाद विभाग अब चालक के बयान के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है. अधिकारियों का कहना है कि केवल चालक को पकड़ना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि शराब तस्करी से जुड़े मुख्य लोगों तक पहुंचना भी जरूरी है.

तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप किस तस्कर के इशारे पर बिहार भेजी जा रही थी और इसे कहां खपाने की योजना थी. अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और तस्करी के नए तरीकों पर भी नजर रखी जा रही है.

फिलहाल गोविंदपुर जांच चौकी पर हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शराब तस्कर भले ही नए तरीके अपना रहे हों, लेकिन सतर्क जांच और सूचना तंत्र के जरिए उनकी कोशिशों को नाकाम किया जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Javed najaf

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >