Nawada Illegal Sand Mining : नवादा जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ जिला खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 1500 घनफीट अवैध बालू का भंडारण पकड़ा है.
जांच के दौरान भंडारण स्थल पर मौजूद लोगों से बालू रखने से संबंधित वैध अनुज्ञप्ति और जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी व्यक्ति वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद जिला खनन पदाधिकारी की ओर से 19 लोगों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए परिवाद भेजा गया है.
Nawada News : गुप्त सूचना पर खनन विभाग ने की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, जिला खनन पदाधिकारी संतोष प्रकाश झा को देर रात अवैध बालू भंडारण की सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद खनन विभाग की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया.
इस दौरान तीन जगहों पर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा बालू बरामद किया गया. विभागीय टीम ने मिर्जापुर मोहल्ला, कुर्मा गांव के समीप और केएलएस कॉलेज के पास कार्रवाई की.
छापेमारी के दौरान पहले स्थान से करीब 500 घनफीट, दूसरे स्थान से 300 घनफीट और तीसरे स्थान से करीब 700 घनफीट अवैध बालू बरामद किया गया.
Mining Department Action : तीनों जगहों से जब्त किया गया बालू
खनन विभाग ने तीनों स्थानों पर मिले बालू को जब्त कर लिया है. साथ ही भंडारण स्थल पर विभागीय कार्रवाई की जानकारी दर्ज करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई.
जांच के दौरान अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. ग्रामीणों ने बताया कि इन स्थानों पर काफी समय से बालू का भंडारण किया जा रहा था.
हालांकि कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा बालू भंडारण से संबंधित वैध अनुज्ञप्ति या अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया.
तीन अलग-अलग मामलों में 19 लोग नामजद
पहले मामले में नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले में सड़क किनारे मिले करीब 500 घनफीट अवैध बालू भंडारण को लेकर 10 लोगों को नामजद किया गया है.
इनमें कौशल कुमार, मुकेश कुमार, पिंटू कुमार, कारू यादव, प्रमोद उर्फ लाखो, पप्पू कुमार, सूरज कुमार, लालू कुमार और पंकज कुमार शामिल हैं.
वहीं दूसरे मामले में नगर थाना क्षेत्र के कुर्मा गांव के समीप से बरामद करीब 300 घनफीट अवैध बालू मामले में चुनचुन यादव, साधु यादव, मनीष कुमार, अजीत कुमार और चंदन उर्फ विक्रम को आरोपी बनाया गया है.
केएलएस कॉलेज के पास भी मिला अवैध बालू भंडारण
खनन विभाग की तीसरी कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र के केएलएस कॉलेज के समीप हुई. यहां अवैध रूप से भंडारित करीब 700 घनफीट बालू जब्त किया गया.
इस मामले में श्रवण यादव, कमलेश यादव, सूरज कुमार और रंजीत यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है.
सरकार को राजस्व नुकसान का आरोप
खनन विभाग का आरोप है कि सभी आरोपितों ने बिना वैध अनुज्ञप्ति के संगठित तरीके से बालू का भंडारण किया. इससे सरकार को राजस्व की क्षति हुई है.
विभाग ने इस कार्रवाई को बिहार खनिज (समनुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली, 2019 संशोधित 2026 के तहत किया है. इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है.
जिला खनन विभाग ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध बालू कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और बालू भंडारण से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.
