Nawada News: नवादा जिले के गोविंदपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने जांच के दौरान मंगलवार को दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपित बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने दूध ढोने वाली एक गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है.
गुप्त सूचना पर घेराबंदी
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक दूध की गाड़ी में विदेशी शराब छिपाकर बिहार लाई जा रही है. जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी के पास घेराबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया.
दूध की गाड़ी से शराब जब्त
जांच के दौरान संदिग्ध वाहन (BR 04 N 3654) के पहुंचने पर उसे रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में वाहन के भीतर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद मौके से ही चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया.
बेगूसराय के दो तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के निवासी सिंटू कुमार (पिता उपेंद्र चौधरी) और अंगद कुमार (पिता राधेश्याम) के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग ने जब्त वाहन और दोनों आरोपियों को नवादा स्थित उत्पाद कार्यालय भेज दिया है.
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
कार्यालय में बरामद शराब की गिनती और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था.
