Nawada News: नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शनिवार को 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति की बैठक गहमागहमी के बीच संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष शोभा कुमारी ने की. इस दौरान विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की गई और जनहित से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया.
बैठक से गायब दो अधिकारियों पर स्पष्टीकरण का निर्णय
बैठक में उपाध्यक्ष राजेश कुमार, बीडीओ कुमार शैलेंद्र, सीओ पुष्पांजलि कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी व समिति के सदस्य मौजूद थे. बैठक के दौरान अनुपस्थित रहे दो विभागीय अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए उनसे स्पष्टीकरण (शो-कॉज) जारी करने का निर्णय लिया गया.
जाम, आंगनबाड़ी और अंचल मामलों पर सदस्यों ने घेरा
समिति सदस्यों ने जनसमस्याओं पर अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे:
- प्रवीण कुमार ने गोविंदपुर चौक पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम और आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली का मुद्दा उठाकर त्वरित समाधान की मांग की.
- नवल किशोर सिंह ने अंचल कार्यालय से जुड़े लंबित मामलों पर सवाल उठाए और पारदर्शी व त्वरित निष्पादन पर जोर दिया.
- मुकेश कुमार ने पीएचईडी (PHED) और मनरेगा योजनाओं में प्रगति तथा कथित अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया.
गर्मागर्म बहस के बाद शांतिपूर्ण समापन
विकास कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं में देरी को लेकर सदस्यों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया. हालांकि, अधिकारियों द्वारा सवालों के क्रमवार जवाब देने और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
