नवादा: 2023 के बाद पहली बार फिर से शनिवार को सभी सरकारी स्कुल खुलेंगे हाफ डे, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

बिहार शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब शनिवार को हाफ डे होगा, जानें क्या है नया नियम और समय-सारणी।

Nawada Shiksha Vibhag : बिहार के सरकारी स्कूलों की समय-सारणी में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है. शिक्षा विभाग ने राज्यभर के स्कूलों में शनिवार को दोबारा 'हाफ डे' लागू करने का फैसला लिया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर के हस्ताक्षर से जारी आदेश के मुताबिक अब सोमवार से शुक्रवार तक स्कूल पहले की तरह पूरे दिन चलेंगे, जबकि शनिवार को कक्षाएं आधे दिन ही संचालित होंगी. यह नया नियम 6 अगस्त 2026 से लागू कर दिया गया है, जिससे लाखों छात्रों और शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है.

सोमवार से शुक्रवार तक पहले जैसा रहेगा समय

जारी आदेश के अनुसार सप्ताह के पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार तक सभी सरकारी विद्यालय सुबह 9:30 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक ही संचालित होंगे. इन दिनों में पढ़ाई, गतिविधियां और अन्य शैक्षणिक कार्य पहले की तरह चलते रहेंगे. विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन दिनों के संचालन समय में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है.

Half Day Rules : शनिवार को आधे दिन ही चलेगी पढ़ाई

नए नियम के तहत शनिवार को स्कूलों में हाफ डे रहेगा. प्राथमिक और मध्य विद्यालयों यानी कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही चलेंगी. इसके बाद 12 बजे से 12:40 बजे तक बच्चों को मध्याह्न भोजन दिया जाएगा और फिर छुट्टी कर दी जाएगी.

वहीं माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों यानी कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए शनिवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पढ़ाई और अन्य गतिविधियां संचालित की जाएंगी. इसके बाद सभी विद्यार्थियों को छुट्टी दे दी जाएगी.

2023 में खत्म हुआ था हाफ डे, अब फिर लागू

गौरतलब है कि बिहार सरकार ने वर्ष 2023 में स्कूलों के टाइम टेबल में बदलाव करते हुए शनिवार का हाफ डे खत्म कर दिया था और पूरे दिन पढ़ाई का नियम लागू किया गया था. लेकिन अब करीब तीन साल बाद फिर से पुराने सिस्टम में आंशिक बदलाव करते हुए शनिवार को हाफ डे लागू कर दिया गया है. इस फैसले को छात्रों और शिक्षकों के हित में लिया गया बताया जा रहा है.

शिक्षकों के लिए भी जारी हुआ नया निर्देश

शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के कार्य को लेकर भी नए निर्देश जारी किए हैं. आदेश के अनुसार शिक्षकों को रोजाना कक्षा अवधि के बाद एक घंटा अतिरिक्त समय देना होगा. इस दौरान वे अगले दिन और पूरे सप्ताह के लिए पाठ योजना तैयार करेंगे. साथ ही कॉपी जांच, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अपडेट करना और प्रयोगशाला प्रबंधन जैसे जरूरी कार्य भी इसी समय में पूरे करने होंगे.

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन सभी शैक्षणिक कार्यों या रेमेडियल क्लासेस को पूरा करने के बाद ही शिक्षक विद्यालय से जा सकेंगे. बाकी सभी नियम पहले की तरह लागू रहेंगे.

छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल

इस फैसले के बाद छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी देखी जा रही है. शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई होने से छोटे बच्चों को मानसिक आराम मिलेगा और उन्हें सप्ताह के अंत में खुद को तरोताजा करने का मौका मिलेगा. वहीं शिक्षकों को भी अपने शैक्षणिक कार्यों को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने का समय मिलेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >