Nawada News : नवादा. रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं को बड़ी सौगात दी है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में 27 और 28 अगस्त को राज्यभर की महिलाओं और छात्राओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. इन दोनों दिनों में निगम की निर्धारित रूटों पर चलने वाली बसों में महिलाओं और छात्राओं से किराया नहीं लिया जाएगा. इससे बहनों को अपने भाइयों के पास पहुंचने में सहूलियत होगी.
सभी निर्धारित रूटों पर लागू रहेगी सुविधा
राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासन मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. आदेश के अनुसार क्षेत्रीय कार्यालयों के अधीन प्रतिष्ठानों से संचालित निगम की सभी बसों में यह सुविधा लागू रहेगी. निगम की बसें राज्य के विभिन्न शहरों और निर्धारित रूटों पर नियमित रूप से परिचालित होती हैं. ऐसे में रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं और छात्राओं को यात्रा में इसका लाभ मिलेगा.
सुरक्षित और आसान यात्रा का मिलेगा लाभ
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं अपने मायके या भाइयों के घर जाती हैं. ऐसे में दो दिनों तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें आर्थिक राहत के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ भी मिलेगा. सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन पर यात्रा करने वाली महिलाओं और छात्राओं को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है.
Also Read : नवादा में ईद मिलादुन्नबी पर निकला जश्ने जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा धार्मिक उत्साह और भाईचारा
27 और 28 अगस्त को नहीं देना होगा किराया
राज्य पथ परिवहन निगम, नवादा के पदाधिकारी राम नारायण दुबे ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27 और 28 अगस्त को निगम की सभी बसों में महिलाओं और छात्राओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि निगम की बसों से यात्रा करने वाली पात्र महिलाओं और छात्राओं से इन दोनों दिनों में किराया नहीं लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि यह सुविधा सरकार के निर्देश के अनुसार लागू की जा रही है, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनें आसानी से और सुरक्षित तरीके से अपने भाइयों तक पहुंच सकें.
Also Read : मिलादुन्नबी पर धमौल बाजार में निकला जुलूस, नारों से गूंजा इलाका, दिखा भाईचारे का संदेश
