नवादा में स्वर्ण कारोबारी लूटकांड का घंटों में खुलासा सोने के जेवर, बाइक और मोबाइल के साथ चार गिरफ्तार

नवादा जिले में सर्राफा व्यवसायी से दिनदहाड़े हुई लूट की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है. संयुक्त छापेमारी अभियान में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है. लूटे गए सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं.

Nawada Jewellery Robbery : नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से हुई दिनदहाड़े लूट की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया. संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान चार विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने लूटे गए सोने के अधिकांश आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है.

nawada news: जेवर लेकर लौट रहे व्यवसायी से हुई थी लूट

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हिसुआ निवासी सर्राफा व्यवसायी नकुल कुमार ने 5 जुलाई 2026 की रात करीब 8:15 बजे सीतामढ़ी थाने में आवेदन देकर बताया कि वह नदसेना स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद कर बाइक से हिसुआ लौट रहे थे. देवरा-बेलदरी गांव के समीप तिलैया नदी पुल से पहले अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया, मारपीट की और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए.

संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच से सुलझाया मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीतामढ़ी थाना में कांड संख्या 74/26 दर्ज किया गया. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देशन में सीतामढ़ी थाना, हिसुआ थाना, महिला थाना और तकनीकी टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी शुरू की. गुप्त सूचना, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में चार विधि-विरुद्ध बालकों की पहचान कर उन्हें निरुद्ध कर लिया.

सोने के जेवर, बाइक, मोबाइल और हथियार बरामद

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सोने के विभिन्न प्रकार के आभूषणों के दर्जनों पीस, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, स्टील का रॉडनुमा हथियार, एक स्टील प्लेट सहित अन्य सामग्री बरामद की. बरामदगी से पीड़ित व्यवसायी को राहत मिली है और पुलिस अनुसंधान की प्रभावशीलता भी सामने आई है.

पुलिस बोली- अन्य संलिप्तता मिली तो होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है. यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में आगे भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read : नवादा के मासूम आर्यन हत्याकांड पर सियासी हलचल तेज, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे जनप्रतिनिधि, जल्द न्याय की उठी मांग



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >