Nawada cyber crime: साइबर अपराध के खिलाफ नवादा साइबर थाना पुलिस को फिर बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हिसुआ थाना क्षेत्र के सोनसा गांव में छापेमारी कर सस्ते दर पर लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान सोनसा गांव निवासी भुनेश्वर प्रसाद के पुत्र प्रेम कुमार उर्फ गुड्डू कुमार (30) के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर एसआईटी ने की छापेमारी
साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनसा गांव निवासी प्रेम कुमार उर्फ गुड्डू कुमार साइबर अपराध की गतिविधियों में संलिप्त है. सूचना का सत्यापन करने के बाद साइबर थाना की एसआईटी गठित की गयी. वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर टीम ने 22 अगस्त की देर रात सोनसा गांव में विशेष छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
सस्ते लोन का झांसा देकर करता था ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि धनी फाइनेंस और धनी पे का इस्तेमाल कर विभिन्न बैंकों से कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया जाता था. पुलिस के अनुसार, ठगी के दौरान लोगों से बैंकिंग और अन्य निजी जानकारी हासिल कर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया जाता था.
मोबाइल, दो सिम और कार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है. पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 78/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
छापेमारी टीम का नेतृत्व साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष मो. शाहनबाज अख्तर ने किया. टीम में पुलिस निरीक्षक बलवीर कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार सहित साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस बरामद मोबाइल और सिम के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है.
